बुधवार, 22 नवंबर, 2006 को 23:13 GMT तक के समाचार
भारत में तीन दिन की यात्रा के दौरान व्यापार और सामरिक विषयों पर बातचीत के बाद चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ पाकिस्तानी नेताओं के साथ बातचीत के लिए इस्लामाबाद जा रहे हैं.
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक इस यात्रा के दौरान चीन और पाकिस्तान के बीच 'अभूतपूर्व समझौते होने की उम्मीद है.'
लेकिन इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है.
पर्यवेक्षकों का मानना है कि इस यात्रा के दौरान चीन की ओर से पाकिस्तानी परमाणु ऊर्जा उद्योग के साथ सहयोग में बड़े पैमाने पर विस्तार होने की संभावना है.
अटकलें लगाई जा रही हैं कि हाल में भारत और अमरीका के बीच परमाणु सहयोग समझौते की तरह ही पाकिस्तान और चीन के बीच परमाणु सहयोग समझौता हो सकता है.
ग़ोरतलब है कि पाकिस्तान ने भारत-अमरीका परमाणु समझौते को पाकिस्तान के लिए भेदभावपूर्ण बताया था क्योंकि पाकिस्तान का मानना है कि अमरीका का क़रीबी सहयोगी होने के कारण उसे भी अमरीका से ऐसा
सहयोग मिलना चाहिए.
लेकिन अमरीका राजनीतिक हलकों में इस तरफ़ कोई ज़्यादा ध्यान नहीं दिया गया और बार-बार ऐसा कहा गया है कि भारत का परमाणु अप्रसार के विषय में रिकॉर्ड बहुत अच्छा है.
भारत में अपने दौरे के अख़िरी दिन चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ मुंबई में भारतीय उद्योग जगत के नेताओं से मिले और अगरा में ताज महल देखने भी गए.