मंगलवार, 21 नवंबर, 2006 को 22:17 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में पुलिस का कहना है कि उसने 28 संदिग्ध तालेबान लड़ाकों को गिरफ़्तार किया है. ये सभी अफ़ग़ान नागरिक हैं.
पुलिस के एक प्रवक्ता का कहना था कि इन लोगों को बलूचिस्तान प्रांत में क्वेटा में अलग-अलग जगह छापे मारकर गिरफ़्तार किया गया.
पुलिस का ये भी कहना था कि वे लंबे समय से वहाँ रहने वाले शरणार्थी नहीं थे बल्कि हाल ही में क्वेटा में आए थे.
पिछले महीन भी पुलिस ने लगभग 50 संदिग्ध तालेबान लड़ाकों को क्वेटा शहर से ही गिरफ़्तार किया था.
अफ़ग़ानिस्तान कई बार आरोप लगा चुका है कि तालेबान लड़ाके क्वेटा को अड्डा बनाकर सीमापार से अफ़ग़ानिस्तान पर हमले कर रहे हैं.
महत्वपूर्ण है कि ये कार्रवाई तब हुई है जब हाल में ही एक वरिष्ठ अमरीकी रक्षा अधिकारी ने चेतावनी दी थी कि आसार है कि अफ़ग़ानिस्तान में हिंसा बढ़ती ही जाएगी.
अमरीकी रक्षा गुप्तचर एजेंसी के जनरल माइकल मेपल्स ने एक अमरीकी संसदीय समिति की सुनवाई में कहा था कि बड़ी संख्या में मारे जाने के बावजूद विद्रोहियों ने आपना आधार, कार्यक्षेत्र और क्षमता बढ़ा ली है.
महत्वपूर्ण है कि हाल में एक रिपोर्ट में भी कहा गया था कि अफ़ग़ानिस्तान में इस साल मरनेवालों की संख्या में चार गुना वृद्धि हुई है.
इस साल अफ़ग़ानिस्तान में 3700 लोग मारे गए हैं जिसमें लगभग एक हज़ार आम नागरिक शामिल हैं.