रविवार, 19 नवंबर, 2006 को 07:25 GMT तक के समाचार
भारत ने सतह से सतह पर मार करने में सक्षम मध्यम दूरी की मिसाइल पृथ्वी का रविवार को सफल परीक्षण किया.
इसे उड़ीसा में समुद्र तट पर स्थित चांदीपुर के एकीकृत परीक्षण रेंज यानी आईटीआर से प्रक्षेपित किया गया.
पृथ्वी मिसाइल की मारक क्षमता 150 से लेकर 250 किलोमीटर तक की है और इसे भारतीय सेना में शामिल किया जा चुका है.
समाचार एजेंसियों के अनुसार इस मिसाइल को मोबाइल लॉंचर से रविवार की सुबह 9.55 पर प्रक्षेपित परीक्षण किया गया.
ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान ने गुरुवार को मध्यम दूरी तक मार करनेवाली मिसाइल ग़ौरी का परीक्षण किया था. उसकी मारक क्षमता 1300 किलोमीटर बताई जाती है.
भारतीय रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने 'एकीकृत लक्षित मिसाइल विकास योजना' के तहत पाँच मिसाइलें विकसित की हैं जिनमें पृथ्वी भी एक है.
पृथ्वी मिसाइल के तीन प्रकार हैं और ये थल सेना, नौसेना और वायु सेना के लिए अलग-अलग तैयार की गईं हैं.
इसका पहला परीक्षण 22 फरवरी, 1988 को आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा रॉकेट प्रक्षेपण केंद्र से किया गया था और उसके बाद इसके सफल परीक्षण किए जा चुके हैं.