http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 18 नवंबर, 2006 को 07:54 GMT तक के समाचार

नौसेना और विद्रोहियों के बीच संघर्ष

श्रीलंका की नौसेना का तमिल विद्रोहियों के साथ उत्तरपूर्वी समुद्र तट पर संघर्ष हुआ है.

नौसेना के एक प्रवक्ता का कहना था कि विद्रोहियों की तीन नावें इस संघर्ष में डूब गईं. साथ ही उनके चार नौसैनिक भी घायल हुए हैं.

दूसरी ओर विद्रोहियों के प्रवक्ता ने कहा है कि उन्होंने दो सरकारी नावों को नष्ट कर दिया है और 10 नौसैनिकों को मार दिया है.

इसके पहले श्रीलंका के राष्ट्रपति ने विद्रोहियों से अपने हथियार डालने और शांति वार्ताओं में शामिल होने की अपील की थी.

कुछ दिनों पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान ने श्रीलंका में सेना और तमिल विद्रोही संगठन एलटीटीई के बीच जारी संघर्ष को लेकर चिंता जाहिर की थी.

हालांकि इस संघर्ष के लिए दोनों ही पक्ष एक-दूसरे को ज़िम्मेदार ठहराते हैं और एक-दूसरे पर संघर्ष शुरू करने का आरोप लगाते हैं.

एक आकलन के मुताबिक पिछले एक वर्ष में श्रीलंका में जारी संघर्ष में दो हज़ार से भी ज़्यादा संख्या में सैनिक, आम नागरिक और विद्रोही मारे जा चुके हैं.

केवल जुलाई से अबतक आत्मघाती हमलों और सरकार और विद्रोहियों के बीच हुए संघर्ष में एक हज़ार से भी ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग विस्थापित होने के लिए मजबूर हुए हैं.