शनिवार, 18 नवंबर, 2006 को 15:59 GMT तक के समाचार
भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम के मोरेगाँव ज़िले में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में सात लोग मारे गए हैं. मारे गए लोगों में तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.
अधिकारियों का कहना है कि हालात तब बेक़ाबू हो गए जब पुलिस ने एक सड़क दुर्घटना के दो कथित अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया.
गिरफ़्तारी के बाद हज़ारों की संख्या में लोग सड़क पर आ गए और गिरफ़्तार अभियुक्तों को छोड़ने की मांग करने लगे.
अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने मोयराबाड़ी थाने को घेर लिया और इसमें आग लगा दी. अधिकारियों का दावा है कि प्रदर्शनकारियों ने तीन पुलिसवालों को पीट-पीट कर मार डाला.
अधिकारियों का कहना है कि बेक़ाबू भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने गोली चलाई जिससे चार लोगों की मौत हो गई और 20 से ज़्यादा लोग घायल हो गए.
असम अलगाववादी आंदोलनों के लिए जाना जाता है जहाँ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करना एक आम बात है.
इसी तरह ग़ुस्साई भीड़ का पुलिस बल पर हमला करने की घटनाएँ भी यहाँ अक्सर देखने को मिलती हैं. पिछले कुछ वर्षों में अलगाववादी हिंसा में हज़ारों लोग मारे जा चुके हैं.