शुक्रवार, 17 नवंबर, 2006 को 09:43 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में हुए दो बम धमाकों में कई लोग घायल हुए हैं और एक आत्मघाती हमलावर की मौत हो गई है. धमाके दो शहरों पेशावर और लाहौर में हुए.
यहाँ एक आत्मघाती हमलावर ने पुलिस के गश्ती दल को निशाना बनाया. धमाके में आत्मघाती हमलावर की मौत हो गई और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए.
जबकि लाहौर में एक बस स्टॉप के पास हुए धमाके में 14 लोग घायल हुए हैं.
लाहौर के पुलिस प्रमुख ख़्वाजा ख़ालिद फ़ारूक़ ने बताया कि शहर के एक व्यस्त बस स्टॉप के नज़दीक के एक कूड़ेदान में बम रखा गया था.
इस धमाके में एक ऑटोरिक्शा और एक बस को काफ़ी नुक़सान पहुँचा है. तीन महीने पहले ही लाहौर में ऐसा ही एक धमाका हुआ था. जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था और कई दूकानों को नुक़सान हुआ था.
धमाका
पेशावर में आत्मघाती हमलावर ने पुलिस के एक गश्ती दल पर हमल किया. आत्मघाती हमलावर की मौक़े पर ही मौत हो गई जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए.
पेशावर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इफ़्तिख़ार ख़ान ने बीबीसी को बताया कि आत्मघाती हमलावर की पहचान हो गई है. उन्होंने बताया कि हमलावर पेशावर का रहने वाले 20 वर्षीय नदीम ख़ान था.
नदीम ख़ान के पिता ने भी शव की पहचान कर ली है. इफ़्तिख़ार ख़ान ने बताया कि नदीम ख़ान बिजली मैकेनिक था.
उन्होंने बताया कि नदीम बहुत धार्मिक था और ज़्यादातर अपनी रातें एक मस्जिद में बिताता था और सुबह नाश्ते के लिए घर आता था.
लेकिन शुक्रवार को ऐसा नहीं हुआ. नदीम ख़ान के पिता ने बताया कि उनका बेटा पिछले दो दिनों से कुछ ज़्यादा ही ख़ामोश लग रहा था.