बुधवार, 15 नवंबर, 2006 को 08:29 GMT तक के समाचार
दिल्ली के रिहायशी इलाक़ों से चल रही व्यवसायिक गतिविधियों के मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह 25 हज़ार व्यापारियों को राहत देने पर विचार तभी करेगा यदि वे इन जगहों का दुरुपयोग बंद करते हैं.
इन 25 हज़ार लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा दायर किया हुआ है कि वे रिहायशी इलाक़ों से चल रही व्यवसायिक गतिविधियाँ बंद करने के लिए तैयार हैं.
उधर दिल्ली के व्यापारियों ने बुधवार से भूख हड़ताल शुरु कर दी है जो आठ दिन चलेगी.
उनका कहना है कि केंद्रीय शहरी विकास मंत्री अपने आश्वासन को पूरे करें और यदि संसद में विधेयक पारित कर, क़ानून बनाकर ही व्यापारियों को राहत दी जा सकती है तो ऐसा ही किया जाए.
इस बारे में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय और दिल्ली नगर निगम ने सोमवार को अर्ज़ी दायर की थी और कहा था कि कोर्ट को आश्वासन देने वाले व्यापारी रिहायशी इलाक़ो से बाहर चले जाएँगे.
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश वाईके सभरवाल की अध्यक्षता वाली खंडपीठ का कहना था कि कोर्ट हलफ़नामा दायर करने वाले व्यापारियों को अनुमति देता है कि वे कोर्ट की निगरानी समिति को बताएँ कि उन्होंने अपना आश्वासन पूरा किया है.
कोर्ट के अनुसार यदि निगरानी समिति इस जानकारी को सही पाती है तो वह सुविधाएँ बंद नहीं करेगी और मकानों को सील नहीं करेगी.
निगरानी समिति को इस बारे में 20 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट सौंपनी है.