सोमवार, 13 नवंबर, 2006 को 16:54 GMT तक के समाचार
अनीश अहलूवालिया
बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
दिल्ली से सटे हुए नोएडा शहर में एक तीन साल के बच्चे के अपहरण के बाद क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन हुए हैं.
अमरीकी साफ्टवेयर कंपनी एडोबी के भारत मे मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेश गुप्ता के बेटे का आज सुबह अपहरण कर लिया गया.
सोमवार की सुबह दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के एक संभ्रांत इलाके से तीन साल के अनंत गुप्ता का कुछ लोगों ने तब अपहरण कर लिया जब वो स्कूल जाने के लिए स्कूल बस का इंतज़ार कर रहा था.
हालांकि उसके साथ घर में काम करने वाला नौकर मौजूद था लेकिन उसका कहना है कि मोटरसायकल पर सवार दो लोग बच्चे को लेकर भागने में सफल हो गए.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसने इस मामले की छानबीन के लिए एक विशेष दल का गठन कर दिया है मगर अभी तक उसके पास कोई सुराग नहीं हैं.
पुलिस का कहना है कि अपहरणकर्ताओं हेलमेट पहन रखे थे जिससे उनके चेहरे देख नहीं जा सके और मोटरसाइकल की नंबर प्लेट पर स्टीकर लगा रखे थे.
पुलिस का कहना है कि ना हि अब तक किसी ने फ़िरौती की मांग के लिए संपर्क किया है. मगर पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि उन्होंने क्षेत्र की घेराबंदी कर ली है और उन्हें उम्मीद है कि अपहरणकर्ता बच्चे को क्षेत्र से बाहर नहीं ले जा सके होंगे.
यहां लोगों मे इस घटना के बाद काफ़ी नाराज़गी है.
नोएडा में कई विदेशी कंपनियों के कार्यालय हैं और माना जाता रहा है कि उत्तर प्रदेश के दूसरे शहरों की तुलना में यहाँ सुरक्षा के इंतज़ाम अच्छे हैं.
हालांकि पडौसी गाज़ियाबाद इलाके में अपराध का लगातार बढ़ता स्तर मीडिया की सुर्खियों में रहा है.
वहां पिछले दो महीनों में अपहरण के कई मामले सामने आए हैं.