http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 10 नवंबर, 2006 को 10:17 GMT तक के समाचार

एलटीटीई समर्थक सांसद की हत्या

श्रीलंका में एलटीटीई के समर्थक सांसद नादराज रविराज की गोली मार कर हत्या कर दी गई है. राजधानी कोलंबो में एक अज्ञात बंदूकधारी ने उनके घर के बाहर उन्हें गोली मारी.

रविराज को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ उनकी मौत हो गई.

एक अन्य सांसद के शिवजीलिंगम ने बताया कि जैसे ही रविराज काम के सिलसिले में अपने घर से बाहर निकले, उन्हें गोली मार दी गई.

श्रीलंका में एलटीटीई-सेना के बीच लड़ाई जारी

गोलीबारी में रविराज के एक सुरक्षाकर्मी की भी मौत हो गई. नादराज रविराज तमिल नेशनल एलायंस (टीएनए) के सांसद थे और उत्तरी जाफ़ना ज़िले का प्रतिनिधित्व करते थे.

ज़िम्मेदारी

तमिल नेशनल एलायंस को एलटीटीई से जुड़ा हुआ माना जाता है. अभी तक किसी ने नादराज रविराज की हत्या की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

ये घटना ऐसे समय हुई है जब श्रीलंका में सेना और तमिल विद्रोहियों के बीच लड़ाई तेज़ हो गई है.

नादराज रविराज पेशे से वकील थे. बीबीसी के एक संवाददाता का कहना है कि रविराज चार पार्टियों के गठबंधन के सक्रिय सदस्य थे.

गुरुवार को भी उन्होंने कोलंबो में एक प्रदर्शन में हिस्सा लिया था. इस प्रदर्शन का आयोजन देश के पूर्वी हिस्से में सेना की एक कार्रवाई के दौरान आम नागरिकों के मारे जाने के विरोध में किया गया था.

पिछले साल दिसंबर में भी टीएनए के एक अन्य सांसद जोसेफ़ परराजसिंघम की बट्टिकलोवा में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी.