http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 08 नवंबर, 2006 को 23:59 GMT तक के समाचार

अमरीका ने समझौते का स्वागत किया

अमरीका ने नेपाल में माओवादी विद्रोहियों और सरकार के बीच हुए समझौते का स्वागत किए है जिसके तहत माओवादी देश की अंतरिम सरकार में शामिल होंगे.

अमरीकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों का कहना था कि उन्हें उम्मीद है कि इस समझौते के बाद नेपाल में शांति और राजनीतिक पारदर्शीता कायम होगी.

लेकिन अमरीका ने ये भी कहा है कि वह नेपाल में स्थिति पर निगरानी रखता रहेगा.

माओवादियों का आश्वासन

नेपाल में ये समझौता एक दशक पुराने माओवादी विद्रोह को ख़त्म करने के लक्ष्य से हुआ है. माओवादियों के हथियार संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में रख दिए जाएँगे.

नेपाल में माओवादी विद्रोह में लगभग 13 हज़ार लोग मारे गए हैं.

माओवादियों के नेता प्रचंड का कहना है कि उनकी पार्टी मानवाधिकारों और लोकतंत्र का सम्मान करेगी.

बीबीसी के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उन्हें दस साल की लड़ाई में लोगों के मारे जाने का अफ़सोस है.

ताज़ा समझौते के तहत एक महीने के भीतर विद्रोही अंतरिम सरकार में शामिल हो जाएँगे.

समझौते के तहत नेपाल में राजशाही के भविष्य का महत्वपूर्ण और विवादास्पद मुद्दा अगले साल चुनी जाने वाली संविधान सभा के सामने रखा जाएगा.