मंगलवार, 07 नवंबर, 2006 को 22:54 GMT तक के समाचार
नेपाल में एक दशक पुराने माओवादी विद्रोह को ख़त्म करने के लक्ष्य से सरकार और माओवादियों के बीच शांति समझौते पर सहमति हो गई है.
नेपाल में माओवादी विद्रोह में लगभग 13 हज़ार लोग मारे गए हैं.
ताज़ा समझौते के तहत एक महीने के भीतर विद्रोही अंतरिम सरकार में शामिल हो जाएँगे.
उनके हथियार संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में रख दिए जाएँगे.
नेपाल में राजशाही के भविष्य का महत्वपूर्ण और विवादास्पद मुद्दा अगले साल चुनी जाने वाली संविधान सभा के सामने रखा जाएगा.
सरकारी वार्ताकारों ने बीबीसी को बताया है कि इस समझौते में नेपाल के भविष्य को प्रभावित करने वाले सभी मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई है.
इस साल अप्रैल में राजशाही के ख़िलाफ़ हुए व्यापक प्रदर्शनों के बाद माओवादियों और सरकार के बीच बातचीत शुरु हुई थी.
निर्वाचित सरकार बर्ख़ास्त कर सत्ता अपने हाथ में लेने वाले नेपाल नरेश ज्ञानेंद्र, प्रदर्शनों के कारण, अपना सीधा शासन ख़त्म करने और बहुदलीय सरकार को सत्ता सौंपने पर मजबूर हो गए थे.