http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 06 नवंबर, 2006 को 02:42 GMT तक के समाचार

सुबीर भौमिक
बीबीसी संवाददाता, कोलकाता

असम में सुरक्षा की समीक्षा

केंद्र सरकार ने गुवाहाटी बम धमाकों के बाद असम की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की है.

साथ ही केंद्रीय गृह सचिव वीके दुग्गल ने असम के मुख्य सचिव एस काबिलान से हालात की जानकारी ली.

दूसरी ओर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुवाहाटी बम धमाकों की आलोचना की है.

प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार संजय बारू ने उनकी ओर से जारी बयान में कहा है कि 'निर्दोष लोगों की हत्या कायरता है और हिंसा से कोई उद्देश्य हासिल नहीं किया जा सकता है.'

ग़ौरतलब है कि भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम के शहर गुवाहाटी में रविवार को हुए तीन बम धमाकों में 17 लोगों की मौत हो गई थी.

इन विस्फोटों में कम से कम 30 लोगों के घायल होने की भी ख़बर है.

इधर इन धमाकों के विरोध में कुछ संगठनों ने सोमवार को बंद का आह्वान किया है.

धमाके

पुलिस के मुताबिक पहला धमाका गुवाहाटी के भीड़-भाड़ वाले इलाके फ़ैंसी बाज़ार में हुआ.

फ़ैंसी बाज़ार में जहाँ पर विस्फोट हुआ है वहाँ हिंदी भाषी राज्य बिहार के कुछ लोग कीर्तन करने के लिए इकट्ठा हुए थे. इस समारोह में हुए धमाके में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई.

दूसरा धमाका शहर के दक्षिणी हिस्से में एक ऐसी जगह पर हुआ जहाँ पर पत्थर तोड़ने का काम किया जाता है. इस धमाके में चार लोगों की मौत हो गई.

तीसरा धमाका गुवाहाटी के एक अंदरूनी इलाके में स्थित बालाजी मंदिर में हुआ. इस धमाके में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.

हालांकि अभी तक किसी चरमपंथी संगठन ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है पर पुलिस का कहना है कि इनके पीछे अलगाववादी गुट उल्फ़ा का हाथ हो सकता है.

राज्य पुलिस के खुफ़िया विभाग के प्रमुख खगेन सरमा ने बताया कि उल्फ़ा ने पिछली कुछ घटनाओं की तरह इस बार भी हिंदी भाषी लोगों को अपना निशाना बनाया है.

ग़ौरतलब है कि इसी वर्ष सितंबर महीने में भारत सरकार और उल्फ़ा के बीच बातचीत टूट गई थी. इसके बाद से रविवार की घटना अभी तक की सबसे बड़ी हिंसक घटना है.