रविवार, 05 नवंबर, 2006 को 07:21 GMT तक के समाचार
पुलिस का कहना है कि भारत प्रशासित जम्मू कश्मीर में एक संघर्ष में लश्करे तैबा के दो चरमपंथी मारे गए हैं. सुरक्षाबलों के साथ यह मुठभेड़ डोडा ज़िले में हुई.
पुलिस महानिरीक्षक एसपी वैद्य का कहना था कि चरमपंथियों के बारे में सूचना मिलने के बाद इलाक़े की घेराबंदी कर दी गई थी.
इसके बाद हुई मुठभेड़ में दो चरमपंथी मारे गए. पुलिस का कहना है कि चरमपंथी लश्करे तैबा के सदस्य थे.
महानिरीक्षक वैद्य ने बताया कि दूसरी ओर कुछ चरमपंथियों ने उधमपुर ज़िले के मोहम्मद अता के घर शनिवार की रात हमला किया.
उन्होंने अंधाधुंध गोलियाँ चलाईं जिससे उनकी पत्नी, बेटी और भतीजी की मौत हो गई. इसके बाद चरमपंथी वहाँ से निकल भागने में सफल रहे.
पुलिस का कहना है कि इलाक़े की घेराबंदी कर दी गई है और चरमपंथियों की तलाश जारी है.
ग़ौरतलब है कि पुलिस ने भारत प्रशासित जम्मू कश्मीर से शनिवार को 250 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद किया था.
विस्फोटकों की ये अब तक का सबसे बड़ी बरामदगी थी. ये बरामदगी शनिवार को डोडा ज़िले से की गई.
अधिकारियों का कहना था कि ये विस्फोटक संवेदनशील राष्ट्रीय राजमार्ग को धमाका करने में इस्तेमाल किए जा सकते थे.