शनिवार, 04 नवंबर, 2006 को 07:54 GMT तक के समाचार
पुलिस ने भारत प्रशासित जम्मू कश्मीर से शनिवार को 250 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद किया है.
विस्फोटकों की ये अब तक का सबसे बड़ी बरामदगी है. ये बरामदगी शनिवार को डोडा ज़िले से की गई.
रामबन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वसंत कुमार रथ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ चरमपंथी डोडा ज़िले के पहाड़ी इलाक़ों में छिपे हुए हैं.
इसके बाद पुलिस दल ने वहाँ छापा मारा और वहाँ से 250 किलोग्राम आरडीएक्स, 61 डेटोनेटर और रिमोट कंट्रोल उपकरण बरामद किए.
पुलिस अधीक्षक का कहना था कि यह स्थान जम्मू- श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से 20 किलोमीटर दूर है.
उनका कहना था कि ये विस्फोटकों की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है.
अधिकारियों का कहना है कि ये विस्फोटक संवेदनशील राष्ट्रीय राजमार्ग को धमाका करने में इस्तेमाल किए जा सकते थे.
ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में कश्मीर में चरमपंथी हमले तेज़ हुए हैं.