http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 01 नवंबर, 2006 को 04:15 GMT तक के समाचार

मुशर्रफ़ का दावा: केवल चरमपंथी मारे गए

पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने ज़ोर देकर कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान की सीमा के पास बाजौड़ में मदरसे पर सैनिक हमले में केवल चरमपंथी मारे गए थे.

सोमवार को सूबा सरहद में एक मदरसे पर हुए हवाई हमले में लगभग 80 लोग मारे गए थे.

लेकिन स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि हमले में मदरसे के अनेक छात्र मारे गए थे और कुछ छात्रों की उम्र तो मात्र आठ साल थी.

पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई के बाद की तस्वीरें

इसके बाद मंगलवार को उस इलाक़े में हज़ारों क़बायली लोगों ने ज़ोरदार प्रदर्शन किया था.

स्थानीय लोगों ने ये भी दावा किया था कि इस हमले में अमरीकी सेना ने भी भाग लिया था लेकिन पाकिस्तान अधिकारियों ने इसका खंडन किया है.

एक पाकिस्तान अधिकारी ने तो यहाँ तक कहा था कि अल क़ायदा के कई नेता इस मदरसे में आते-जाते रहे हैं और उनमें अल क़ायदा नेता अयमन अल ज़वाहिरी भी शामिल हैं.

पाकिस्तान अधिकारियों का ये भी कहना है कि मदरसे को इस्लामी चरमपंथी चला रहे थे और कुछ समय से उस पर नज़र रखी जा रही थी.

सरकार के एक स्थानीय प्रतिनिधि ने बीबीसी को बताया कि उस इलाक़े को मौलवी मस्जिदों से 'लाउडस्पीकरों' पर पाकिस्तानी सरकार के ख़िलाफ़ हमले करने का आहवान कर रहे हैं और कई लोगों पर ऐसी अपील का असर हो रहा है.