मंगलवार, 31 अक्तूबर, 2006 को 06:46 GMT तक के समाचार
नेपाल में बांके ज़िले के एक दूरदराज़ के गाँव में एक अज्ञात बीमारी फैल गई है जिससे लगभग दो सौ लोग ग्रस्त हैं और कुछ की मौत भी हो गई है.
प्रशासन का कहना है कि कोशिश की जा रही है कि इस रहस्यमय बीमारी की पहचान की जाए और लोगों तक दवाएँ पहुँचाई जाएँ.
काठमांडू स्थित स्थानीय पत्रकार सुशील शर्मा के अनुसार जो लोग इस बीमारी से ग्रस्त हैं उनमें ज़्यादा संख्या वृद्ध लोगों और बच्चों की है.
उनके अनुसार बीमार लोगों को तेज़ बुखार होता है और कंपकपी छिड़ती है और फिर कई मामलों में मौत भी हो जाती है.
महत्वपूर्ण है कि जो इलाक़े प्रभावित हैं वे नेपाल की उत्तर प्रदेश के साथ लगी हुई सीमा के पास स्थित हैं.
स्थानीय पत्राकार सुशील शर्मा का कहना है कि इसी कारण पिछले कुछ हफ़्ते में ये शक किया जा रहा था कि ये डेंगू बुखार हो सकता है.
लेकिन प्रभावित ज़िले के स्वास्थ्य अधिकारी जया बहादुर कारकी का कहना है कि माना जा रहा है कि ये बीमारी मलेरिया है और रक्त के सेंपल टेस्ट किए जा रहे हैं.
उनका कहना था कि उस ग़रीब इलाक़े में बिजली और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जल्दी से बीमारी का पता लगाने में दिक्कतें आ रही हैं.