http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 30 अक्तूबर, 2006 को 23:42 GMT तक के समाचार

दिल्ली बंद दूसरे दिन भी जारी

दिल्ली के रिहाइशी इलाक़ों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को रोकने के अभियान के विरोध में आयोजित बंद मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी है.

व्यापारियों ने सोमवार की रात केंद्रीय शहरी विकास मंत्री जयपाल रेड्डी से मुलाक़ात की लेकिन गतिरोध दूर नहीं हुआ.

बैठक के बाद व्यापारियों ने घोषणा कि जब तक हमें सरकार की ओर से सीलिंग अभियान रोकने के बारे में लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक हम आंदोलन वापस नहीं लेंगे.

ग़ैरक़ानूनी दिल्ली की व्यथा कथा

व्यापारियों के नेता प्रवीण खंडेलवाल का कहना था कि मंगलवार को भी बाज़ार बंद रहेंगे और प्रदर्शन आयोजित किए जाएँगे.

लेकिन मंगलवार से दवा की दुकानों को बंद से बाहर कर दिया गया है.

व्यापारी संघ का कहना है कि यदि दो नवंबर तक इस समस्या का कोई हल नहीं निकलता है तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी.

बंद का असर

व्यापारियों के तीन दिनों के बंद का पहले दिन व्यापक असर देखने को मिला.

इस दौरान राजधानी के कुछ इलाकों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें भी हुईं.

पिछले महीने सीलिंग के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान चार लोगों की मौत हो गई थी.

इसको ध्यान में रखते हुए इस बार बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे.

कई मुख्य मार्गों पर पुलिस ने अवरोध लगा दिए थे और दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात भी प्रभावित हुआ.

ग़ौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार एक नवंबर से दिल्ली में फिर सीलिंग अभियान शुरू होना है और इसके तहत लगभग 44 हज़ार दुकानों को सील किया जाना है.