सोमवार, 30 अक्तूबर, 2006 को 18:39 GMT तक के समाचार
अधिकारियों का कहना है कि आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय इलाक़ों में पिछले एक सप्ताह से हो रही भारी बारिश के कारण 52 लोगों की मौत हो गई है.
ये बारिश बंगाली की खाड़ी में आए तूफान के कारण हो रही है.
अधिकारियों का कहना है कि इससे सबसे ज़्यादा आंध्र प्रदेश का गुंटूर ज़िला प्रभावित हुआ है जहाँ 10 लोगों की मौत हो गई है.
अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मौतें घरों के गिरने के कारण हुईं.
आंध्र प्रदेश की आपदा प्रबंधन की अतिरिक्त आयुक्त जीटी प्रियदर्शनी का कहना है कि प्रकाशम, गुंटूर और कृष्णा ज़िलों के तटवर्ती इलाक़ों में रह रहे 15 हज़ार लोगों को विस्थापित किया गया है और उन्हें 67 राहत शिविरों में पहुँचाया गया है.
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में उठा ये तूफान तटवर्ती इलाक़ों को पार कर जाएगा.
लेकिन इसके कारण अगले 24 घंटों तक इस क्षेत्र में भारी बारिश होती रहेगी.
विशाखापत्तनम स्थित चेतावनी केंद्र का कहना है कि इसके कारण समुद्र में डेढ़ मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं और लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएँ चलेंगीं.
इसके कारण आंध्र के कई स्थानों पर 35 सेंटीमीटर तक बारिश हुई है.
हैदराबाद के मौसम विभाग के निदेशक एम सीताकुमार ने बताया कि मछलीपत्तनम में 27 और गुंटूर ज़िले में 20 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.