गठबंधन सेना ने दावा किया है कि दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान लड़ाकों के साथ जारी संघर्ष में कम से कम 70 चरमपंथी मारे जा चुके हैं.
पिछले कुछ समय से नैटो के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना और तालेबान लड़ाकों के बीच दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में भीषण संघर्ष जारी है.
जानकारी के मुताबिक ताज़ा हमले दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान के उरुज़गान प्रांत में हुए हैं.
पिछले कई घंटों से जारी इस संघर्ष में गठबंधन सेना की ओर से हैलीकॉप्टर भी इस्तेमाल किए गए हैं और हवाई हमलों की मदद ली गई है.
सेना के मुताबिक यह संघर्ष तब शुरू हुआ जब क़रीब 150 की तादाद में तालेबान लड़ाकों ने सेना के एक बेस पर हमला कर दिया.
इसी प्रांत में एक अन्य हमले में नैटो सेना के एक सैनिक की मौत हो गई है और आठ अन्य घायल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि यह घटना सड़क के किनारे एक बम के फटने से हुई.
गठबंधन सेना का मानना है कि उन्हें अपने अभियान में काफ़ी सफलता मिली है पर कई जगहों पर चरमपंथी अपने क्षेत्रों में वापस लौटने में भी क़ामयाब रहे हैं.
गठबंधन सेना को दक्षिणी और पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान लड़ाकों के हमलों का सामना करना पड़ रहा है और पिछले कुछ समय में तालेबानों की ओर से हमलों में तेज़ी आई है.