http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 27 अक्तूबर, 2006 को 22:28 GMT तक के समाचार

अंतरिम सरकार का शपथ ग्रहण टला

बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का शपथ ग्रहण स्थगित हो गया है. इस अंतरिम सरकार को वहाँ जनवरी में होने वाले आम चुनावों के संदर्भ में निष्पक्षता से काम करने की ज़िम्मेदारी सौंपी जानी थी.

राष्ट्रपति के एक प्रवक्ता का कहना था कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश केएम हसन बीमार है. उन्होंने इस अंतरिम सरकार का नेतृत्व करना था.

महत्वपूर्ण है कि ये घोषणा सरकार और विपक्ष के समर्थकों के बीच हुई झड़पों के बाद हुई है.

बांग्लादेश में आम चुनाव किसकी निगरानी में हों, इसे लेकर विवाद काफ़ी गहरा गया है और गंभीर राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति बन गई है.

पाँच वर्ष के कार्यकाल के पूरा होने के मौक़े पर दिए गए अपने भाषण में प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया ने कहा है कि अगर राजनीतिक दल देश के संविधान का सम्मान करें तो चुनाव निष्पक्ष हो सकते हैं.

दूसरी ओर उन्होंने आगामी चुनावों से पहले ही चुनाव सुधार की विपक्ष की माँग को ठुकरा दिया.

इस विवाद को हल करने के लिए पाँच साल तक सत्ता में रही बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी और अवामी लीग के बीच कई दौर की बातचीत हुई. लेकिन अब तक कोई समझौता नहीं हुआ है.

व्यापक प्रदर्शन और हिंसा

शुक्रवार को राजधानी ढाका समेत कई शहरों में हुई झड़पों में चार लोग मारे गए और सौ से ज़्यादा लोग घायल हो गए.

हज़ारों लोगों ने इन जगहों पर सरकार विरोधी प्रदर्शनों में भाग लिया.

इससे पहले प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया ने विपक्ष से अपील की कि वह हसन का समर्थन करे.

विपक्षी दल आवामी लीग ने हसन की नियुक्ति की आलोचना ये कहते हुए की थी कि वे ख़ालिदा ज़िया की सरकार के क़रीबी हैं और चुनाव में धाँधली कर सकते हैं.