शुक्रवार, 27 अक्तूबर, 2006 को 09:32 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी हिस्से में शुक्रवार को हुए एक बम धमाके में कम से कम 14 आम नागरिकों के मारे जाने की ख़बर है.
प्राप्त जानकारियों के मुताबिक यह घटना उरुज़गान प्रांत में हुई है.
अफ़ग़ानिस्तान के एक अधिकारी ने बताया कि यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि धमाका आत्मघाती हमलावर ने किया है या फिर रिमोट चालित बम का इस्तेमाल किया गया है.
एक रिपोर्ट के मुताबिक मारे गए लोग एक मिनी बस के यात्री थे.
चिंता
ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ समय से अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान फिर से सक्रिय हो रहे हैं और उनके विरुद्ध नैटो की ओर से अभियान भी चलाया जा रहा है.
इस अभियान में बड़ी तादाद में तालेबान मारे गए हैं पर कुछ जगहों से इस संघर्ष में आम लोगों के मारे जाने की भी ख़बरें आती रही हैं.
ख़ुद नैटो ने इस बात को स्वीकार किया है कि उनकी ओर से किए गए हमलों में कुछ आम नागरिकों की भी मौत हुई है.
नैटो सैनिकों के प्रवक्ता के अनुसार वो रिपोर्टें विश्वसनीय है जिनके मुताबिक हाल में नैटो के नेतृत्व में हुए हवाई हमलों में कई आम नागरिक मारे गए.
नैटो के प्रवक्ता मार्क लेटी ने असावधानी से हुई आम नागरिकों की मौत के लिए माफ़ी माँगी है.