http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 23 अक्तूबर, 2006 को 21:29 GMT तक के समाचार

सैनिक ने साथियों को मारकर ख़ुदकुशी की

भारत प्रशासित कश्मीर के रजौरी ज़िले में एक सैनिक ने अपने दो साथियों की गोली मार कर हत्या कर दी है. इसके बाद उसने ख़ुद को भी गोली मार ली.

यह जानकारी राज्य पुलिस के अधिकारियों के हवाले से दी गई है.

ज़िले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फ़ारूक ख़ान ने बताया कि केवल क्षेत्र में हुई इस घटना में दोहपर बाद एक सैनिक ने अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में ख़ुद को भी गोली मार ली.

इस हादसे के पीछे के कारणों के बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है. इस हादसे के पीछे की वजहों को जानने के लिए इस घटना की जाँच के आदेश दे दिए गए हैं.

ग़ौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को इसी ज़िले में एक सैनिक ने अपने तीन साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

माना जाता है कि ऐसी घटनाओं के पीछे सैनिकों की मानसिक स्थिति मुख्य वजह होती है. कई बार सैनिक लंबे समय तक अपने घर नहीं जा पाते और उन्हें ख़तरनाक स्थितियों में काम भी करना पड़ता है.

अन्य घटनाएँ

वहीं एक अन्य घटना में संदिग्ध चरमपंथियों ने सोपोर इलाके के एक केबिल टीवी ऑपरेटर के कार्यालय पर बम से हमला किया है जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है.

हालांकि विस्फोट करने से पहले हमलावरों ने लोगों को कार्यालय से बाहर चले जाने के लिए कहा था. धमाके के बाद इमारत में आग लग गई और एक दीवार ढह गई जिसमें दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई.

इस हमले की अभी तक किसी चरमपंथी संगठन ने ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

ग़ौरतलब है कि राज्य में इससे पहले भी केबिल ऑपरेटरों पर हमले किए जाते रहे हैं और कुछ केबिल ऑपरेटर मारे भी जा चुके हैं.

इस्लामिक चरमपंथी संगठनों की ओर से कई बार केबिल टीवी के प्रसारण को रोकने की चेतावनी दी जाती रही है क्योंकि उन्हें कुछ टीवी चैनलों से आपत्ति रही है.