http://www.bbcchindi.com

रविवार, 22 अक्तूबर, 2006 को 23:26 GMT तक के समाचार

अफ़ग़ानिस्तान में खाद्य संकट की आशंका

संयुक्त राष्ट्र और अफ़ग़ानिस्तान सरकार ने आशंका जताई है कि इस वर्ष सर्दी के मौसम में देश के दक्षिणी हिस्से में खाद्य संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है.

एक अनुमान के मुताबिक लगभग 20 लाख लोगों को इस स्थिति का सामना करना पड़ सकता है.

पिछले कुछ समय से देश में अकाल की स्थिति के कारण खाद्यान्न की कमी हो गई है और इसका सीधा असर इस बार सर्दी के मौसम में देखने को मिल सकता है.

अफ़ग़ानिस्तान सरकार और संयुक्त राष्ट्र ने इस संकट से निपटने के लिए आपातकालीन मदद की अपील की है.

अपील में इस स्थिति से निपटने के लिए चार करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सहायता दिए जाने की बात कही गई है.

चिंता

इससे पहले जुलाई में अकाल की स्थिति के लिए 7.6 करोड़ डॉलर की मदद की अपील की गई थी. अभी तक इस राशि का आधे से भी कम हिस्सा मिल सका है.

देश में इस बार गेहूँ की कम पैदावार हुई है. अफ़ग़ानिस्तान अभी पिछले अकाल से ही पूरी तरह से उबर भी नहीं पाया है.

हालांकि इस स्थिति के लिए पिछले कुछ समय से दक्षिणी क्षेत्र में तालेबान के ख़िलाफ़ जारी संघर्ष को भी इसकी एक वजह बताया जा रहा है.

इसके अलावा यह भी देखने में आया है कि अनाज के बजाए अफीम की खेती को बढ़ावा दिया गया है.

इधर अफ़ग़ानिस्तान के हेलमंद प्रांत के गवर्नर ने विकास की योजनाओं में कमी के लिए ब्रिटिश सरकार की आलोचना की है. यहीं ज़्यादातर ब्रितानी फौजें तैनात हैं.

गवर्नर मोहम्मद दौद का कहना है कि ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय विकास विभाग (डीएफआईडी) ने अपना वादा तोड़ा है जिसमें उन्होंने विकास के लिए लाखों डॉलर की सहायता उपलब्ध कराने की बात कही थी.