http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 21 अक्तूबर, 2006 को 10:51 GMT तक के समाचार

बीनू जोशी
बीबीसी संवाददाता

सैनिक ने तीन साथियों की हत्या की

भारत प्रशासित कश्मीर के रजौरी ज़िले में एक सैनिक ने अपने तीन सहयोगियों की गोली मार कर हत्या कर दी है. इस घटना में दो अन्य सैनिक घायल भी हुए है.

बाद में उस सैनिक ने ख़ुद को भी गोली मारने की कोशिश की. सेना के एक प्रवक्ता ने बताया है कि इस घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

उन्होंने बताया कि इस घटना की जाँच के आदेश दे दिए गए हैं. सेना के प्रवक्ता ने बताया कि यह सैनिक रजौरी ज़िले के नारायण इलाक़े में तैनात था.

शनिवार की सुबह इस सैनिक ने एकाएक अपने सहयोगियों पर गोलियाँ चलानी शुरू कर दी. जिसमें तीन सैनिक मारे गए और दो अन्य घायल हो गए.

अधिकारियों के मुताबिक़ इस सैनिक ने अपने को भी गोली मारने की कोशिश की. लेकिन अन्य सैनिकों ने उसे पकड़ लिया. घायल अवस्था में इस सैनिक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

भारत प्रशासित कश्मीर में पहले भी ऐसी कई घटनाएँ हुई हैं, जिनमें सैनिकों ने अपने साथियों की ही गोली मार कर हत्या कर दी है.

माना जाता है कि ऐसी घटनाओं के पीछे सैनिकों की मानसिक स्थिति मुख्य वजह होती है. कई बार सैनिक लंबे समय तक अपने घर नहीं जा पाते और उन्हें ख़तरनाक स्थितियों में काम भी करना पड़ता है.