शुक्रवार, 20 अक्तूबर, 2006 को 23:37 GMT तक के समाचार
श्रीलंकाई नौसेना ने दावा किया है कि उन्होंने तमिल विद्रोहियों की दो नावें नष्ट कर दी हैं और इस हमले में कम से कम 20 तमिल विद्रोही मारे गए हैं.
श्रीलंका की सेना के मुताबिक नौसेना ने शुक्रवार को जाफ़ना क्षेत्र के नागराकोविल कस्बे के पास तमिल विद्रोहियों की 15 नावों पर हमला किया.
सेना के हवाले से बताया गया है कि दोनों ओर से काफ़ी देर चली गोलीबारी में विद्रोहियों की दो नावें पूरी तरह से नष्ट हो गई और बाकी अन्य नावों को भी इस हमले से क्षति पहुँची है.
नौसेना का दावा है कि इस हमले में 20 विद्रोही मार दिए गए हैं जबकि दो श्रीलंकाई नाविक घायल हो गए हैं.
हालांकि इस बारे में एलटीटीई की ओर से कोई भी पुष्टि नहीं की गई है.
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब दोनों पक्ष यानी तमिल विद्रोही और श्रीलंका सरकार इस महीने के अंत तक शांति वार्ता शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं.
इससे पहले बुधवार को तमिल विद्रोहियों ने नौसेना के एक बेस पर हमला कर दिया था. इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई थी.
ग़ौततलब है कि वर्ष 1983 से श्रीलंकाई सरकार और तमिल विद्रोहियों के बीच जारी हिंसा में अबतक कम से कम 60,000 लोगों की मौत हो चुकी है.