शुक्रवार, 20 अक्तूबर, 2006 को 13:39 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के पेशावर इलाक़े में शुक्रवार एक भीड़भाड़ वाली सड़क पर बम फटने से सात लोगों की मौत हो गई है और 21 अन्य घायल हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि जुमे के रोज़े यानी अलविदा के अफ़्तार से लगभग दस मिनट पहले यह विस्फोट हुआ.
पुलिस का कहना है कि घायलों को अस्पताल पहुँचा दिया गया है.
जिस समय यह विस्फोट हुआ उस समय लोग ईद की ख़रीदारी कर रहे थे और बाज़ार में भीड़ थी.
कहा जा रहा है कि बम एक कार में रखा हुआ था. अभी तक किसी ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
विस्फोट से लोगों के शरीरों के चिथड़े उड़ गए और सड़क पर जगह-जगह बिखरे हुए अंग और ख़ून देखा जा सकता था.
पुलिस ने पूरे इलाक़े की घेराबंदी कर दी है.