http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 18 अक्तूबर, 2006 को 13:32 GMT तक के समाचार

पूर्व लश्कर प्रमुख को रिहा किया गया

पाकिस्तानी अधिकारियों ने बुधवार को चरमपंथी संगठन लश्करे तैबा के पूर्व प्रमुख हाफ़िज़ मोहम्मद सईद को रिहा कर दिया है.

मंगलवार को लाहौर में एक अदालत ने उनकी रिहाई का आदेश दिया था.

हाफ़िज़ मोहम्मद सईद 10 अगस्त के बाद से नज़रबंद थे. वे सामाजिक-धार्मिक संगठन जमात-उद-दावा चलाते हैं.

अमरीका ने जमात-उद-दावा को चरमपंथी संगठनों की सूची में शामिल किया है. अमरीका के मुताबिक ये संगठन लश्करे तैबा के लिए पैसा जुटाने का ज़रिया है.

पाकिस्तान में अदालत ने 28 अगस्त को भी हाफ़िज़ मोहम्मद सईद की रिहाई का आदेश दिया था पर इसके कुछ घंटे बाद ही पंजाब सरकार ने उन्हें फिर गिरफ़्तार कर लिया था.

पाकिस्तान ने लश्करे तैबा पर प्रतिबंध लगाया है. लेकिन जमात-उद-दावा को वो एक वैध इस्लामिक चैरिटी संगठन मानती हैं जिसने भूकंप प्रभावित कश्मीर के इलाक़े में राहत कार्य चलाए हैं.

हाफ़िज़ मोहम्मद को रिहा करने के फ़ैसले को चुनौती देते हुए पाकिस्तान सरकार ने अपनी याचिका में कहा है कि उनकी गतिविधियों के चलते पड़ोसी देशों के साथ रिश्ते बिगड़ सकते हैं.

सईद पाँच साल पहले तक चरमपंथी संगठन लश्करे तैबा के मुखिया थे.

भारत में अधिकारियों ने कहा था कि इस साल मुंबई में हुए धमाकों में लश्करे तैबा का हाथ था जिसमें करीब 180 लोग मारे गए थे.