http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 16 अक्तूबर, 2006 को 08:19 GMT तक के समाचार

दो चरमपंथियों की गिरफ़्तारी

दिल्ली पुलिस ने लश्करे तैबा से जुड़े दो चरमपंथियों को पकड़ने का दावा किया है.

दिल्ली पुलिस का कहना है कि ये दोनों चरमपंथी बांग्लादेशी नागरिक थे और दिल्ली में धमाके करने के मक़सद से आए थे.

पुलिस ने बताया कि मोहम्मद असलम गीर और अब्दुल रज़्ज़ाक को डेढ़ किलोग्राम आरडीएक्स के साथ पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ़्तार किया गया है.

ये दोनों संदिग्ध चरमपंथी जम्मू से रेल यात्रा करके पुरानी दिल्ली पहुँचे थे, पुलिस का कहना है कि इनके बारे में पहले से गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर गिरफ़्तारी की गई.

दिल्ली पुलिस का कहना है कि ईद और दीपावली के मौक़े पर हमले करके ये चरमपंथी सांप्रदायिक तनाव पैदा करना चाहते थे.

त्यौहार को देखते हुए इन दिनों दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी है, दिल्ली में पिछले वर्ष दीपावली से ठीक पहले हुए बम धमाके में साठ से अधिक लोग मारे गए थे.

जाँच अधिकारियों ने तब इस हमले के लिए लश्करे तैबा पर शक ज़ाहिर किया था लेकिन ख़ुद को लश्कर का प्रवक्ता बताने वाले एक व्यक्ति ने फ़ोन पर दावा किया था दिल्ली के बम धमाकों से उनका कोई ताल्लुक नहीं है.