http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 16 अक्तूबर, 2006 को 07:45 GMT तक के समाचार

डेंगू के शिकार लोगों की संख्या 100 पार

भारत में डेंगू का क़हर बदस्तूर जारी है जबकि सरकार दावा कर रही है कि स्थिति नियंत्रण में है.

देश भर में डेंगू से 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और बड़ी संख्या में लोग अस्पतालों में भर्ती हैं, नए मरीज़ों का सामने आना लगातार जारी है.

जिन लोगों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं उनकी संख्या बढ़कर पाँच हज़ार से अधिक हो गई है.

डेंगू से सबसे अधिक प्रभावित राजधानी दिल्ली में डेंगू की चपेट में आकर मरने वाले लोगों की संख्या 35 से अधिक हो गई है.

शनिवार से सोमवार के बीच अब तक कुल 92 नए मामले सिर्फ़ राजधानी में सामने आए हैं, सरकारी आँकड़ों के अनुसार अब तक दिल्ली और आसपास के इलाक़ों में कुल डेढ़ हज़ार लोगों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं.

उत्तर प्रदेश में सोमवार को डेंगू से एक और मौत होने के बाद राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 11 तक जा पहुँची है जबकि कुल 418 लोगों को संक्रमित पाया गया है.

सरकारी अधिकारियों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि शनिवार शाम से लेकर सोमवार की सुबह तक देश भर में डेंगू के 161 नए मामले सामने आए थे.

डेंगू की समस्या की गंभीरता को देखते हुए कई बार माँग उठी कि सरकार इसे महामारी घोषित करे लेकिन ऐसा नहीं किया गया.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामदौस का कहना है कि सिर्फ़ सरकार ही इस समस्या का हल नहीं निकाल सकती, इसके लिए लोगों को भी साफ़-सफ़ाई पर ध्यान देना होगा ताकि ख़तरनाक एडिस मच्छर न पनप सकें जिनके काटने से यह बीमारी होती है.