रविवार, 15 अक्तूबर, 2006 को 09:33 GMT तक के समाचार
अधिकारियों का कहना है कि भारत प्रशासित कश्मीर में चरमपंथियों ने रविवार की सुबह गोलीबारी की जिसमें एक पुलिसकर्मी मारा गया और एक गंभीर रूप से घायल हो गया.
चरमपंथियों ने ये हमला श्रीनगर के भीड़ भाड़ वाले लाल चौक इलाक़े में किया.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इस हमले की ज़िम्मेदारी चरमपंथी संगठन जैशे मोहम्मद ने ली है.
एक अन्य घटना में चरमपंथियों ने शनिवार रात उधमपुर ज़िले के कदवा में स्थित पुलिस चौकी पर हमला करने की कोशिश की जिसे सुरक्षाबलों ने विफल कर दिया.
दोनों ओर से लगभग दो घंटे तक मुठभेड़ हुई लेकिन चरमपंथी अंधेरे का फ़ायदा उठा कर भाग निकले.
दूसरी ओर समाचार एजेंसियों के मुताबिक हिज़्बुल मुजाहिदीन के दो चरमपंथियों ने उधमपुर ज़िले में ही रविवार सुबह सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.
पिछले कुछ दिनों में कश्मीर में चरमपंथी हमले तेज़ हुए हैं.
पिछले दिनों श्रीनगर के बडशाह चौक के निकट सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच हुई मुठभेड़ में सात पुलिसकर्मियों सहित दस लोग मारे गए थे.