http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 10 अक्तूबर, 2006 को 21:12 GMT तक के समाचार

श्रीलंका शांति वार्ता की तारीख़ तय

श्रीलंका में नॉर्वे के राजदूत जॉन हान्सेन बॉवर ने बताया है कि श्रीलंका सरकार और तमिल विद्रोही इस महीने के अंत में स्विट्ज़रलैंड में बातचीत करने पर सहमत हो गए हैं.

उन्होंने बताया कि तमिल विद्रोही 28 और 29 अक्टूबर को बातचीत के लिए तैयार हो गए हैं.

नॉर्वे के दूत का कहना था कि विद्रोही बिना किसी शर्त के बातचीत पर सहमत हो गए हैं लेकिन विद्रोहियों ने कहा है कि यदि स्थिति बिगड़ती है तो वे अपने फ़ैसले पर पुनर्विचार कर सकते हैं.

इसके पहले उन्होंने विद्रोहियों की राजनीति शाखा के नेता एसपी तमिलसेलवन से मुलाक़ात की थी.

इसके पहले दोनों पक्षों के बीच बातचीत नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में होने की ख़बर आई थी.

इस बातचीत का मक़सद दिसंबर से चल रहे संघर्ष को ख़त्म करना है.

दिसंबर से अब तक श्रीलंका सेना और तमिल विद्रोहियों के बीच संघर्ष में 1500 से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

सन् 2002 में सरकार और एलटीटीई के बीच हुए संघर्षविराम में नॉर्वे की अहम भूमिका थी.

लेकिन ये संघर्षविराम समझौता टूट गया और हाल के महीनों में दोनों पक्षों के बीच संघर्ष तेज़ हुआ है.