रविवार, 08 अक्तूबर, 2006 को 10:30 GMT तक के समाचार
भारतीय सेना का कहना है कि भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर के पुंछ ज़िले के पहाड़ी इलाक़े में हुए संघर्ष में कम-से-कम तीन घुसपैठिए और एक सैनिक मारा गया है.
सेना के अधिकारियों का कहना है कि शनिवार की रात को पुंछ के सौजियान क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के पास सैनिकों ने घुसपैठियों की हलचल देखी और उसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई.
अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में तीन चरमपंथी और एक सैनिक मारे गए.
सेना का कहना है कि घुसपैठ का प्रयास कर रहे इन तीनों लोगों के शव रविवार की सुबह बरामद कर लिए गए.
भारतीय सेना इस क्षेत्र में अब भी तलाशी अभियान चला रही है कि कहीं कोई और घुसपैठिया भारतीय सीमा में प्रवेश करने में सफल तो नहीं रहा.
सेना का कहना है कि ठंड से पहले पाकिस्तान की ओर से चरमपंथियों की घुसपैठ की घटनाएँ बढ़ जाती हैं क्योंकि बाद में पहाड़ों पर बर्फ जम जाने की वज़ह से रास्ते बंद हो जाते हैं.