रविवार, 08 अक्तूबर, 2006 को 14:34 GMT तक के समाचार
दिल्ली में डेंगू का क़हर जारी है. अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में अब तक डेंगू से 21 लोगों की मौत हो चुकी है.
इस बीच, प्रधामंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह रविवार सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानि एम्स गए और वहाँ भर्ती मरीजों से मिले.
साथ ही उन्होंने वहाँ भर्ती अपने दो नातियों और दामाद का हालचाल जाना.
एम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डी के शर्मा ने बताया, '' प्रधानमंत्री ने लगभग 30-40 मरीजों से उनका हालचाल पूछा.''
एम्स में इस समय 151 डेंगू रोगी हैं जिसमें कई एम्स के ही कर्मचारी हैं.
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में अस्पताल से 13 डेंगू मरीज को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई.
गंभीर स्थिति
डेंगू के मामले में राजधानी दिल्ली की स्थिति सबसे ख़राब है. यहाँ क़रीब आठ सौ लोग इस बुख़ार से पीड़ित हैं.
दिल्ली के साथ-साथ देश के 12 राज्यों में भी इस बुख़ार के फैलने की ख़बर है. अब तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और गुजरात में भी डेंगू बुख़ार के मामले सामने आ रहे हैं.
स्वास्थ्य सचिव पीके होता ने स्वीकार किया कि " यह एक गंभीर समस्या है."
कुछ दिन पहले दिल्ली उच्च न्यायालय ने डेंगू की रोकथाम से संबंधित एक याचिका की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम से स्थिति पर रिपोर्ट मांगी थी.
पिछले वर्ष देश भर में डेंगू की चपेट में आकर 157 लोगों की मौत हो गई थी.