http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 07 अक्तूबर, 2006 को 16:42 GMT तक के समाचार

'डेंगू बुख़ार से स्थिति चिंताजनक'

भारत में स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि देश में फैल रहे डेंगू बुख़ार से स्थिति चिंताजनक हो गई है. लेकिन अभी महामारी जैसी स्थिति नहीं है.

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पीके होता ने बताया कि अभी तक डेंगू बुख़ार से 45 लोगों की मौत हो चुकी है. उन्होंने बताया कि देशभर में डेंगू बुख़ार के तीन हज़ार से ज़्यादा मामले सामने आए हैं.

राजधानी दिल्ली की स्थिति सबसे ख़राब है. यहाँ क़रीब आठ सौ लोग इस बुख़ार से पीड़ित हैं. अकेले दिल्ली में अभी तक डेंगू बुख़ार से 18 लोगों की मौत हो चुकी है.

भारत में डेंगू का क़हर

इसके अलावा राजस्थान में आठ, केरल, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में चार और गुजरात में तीन लोग मारे गए हैं.

असर

दिल्ली के साथ-साथ देश के 12 राज्यों में भी इस बुख़ार के फैलने की ख़बर है. अब तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और गुजरात में भी डेंगू बुख़ार के मामले सामने आ रहे हैं.

दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में स्वास्थ्य सचिव पीके होता ने कहा, "यह एक गंभीर समस्या है." स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि हम जानते हैं कि हर साल डेंगू के मामले सामने आते हैं लेकिन हम फिर भी इसके ख़िलाफ़ उचित क़दम नहीं उठाते. उन्होंने इसे एक नाकामी माना.

कुछ दिन पहले दिल्ली उच्च न्यायालय ने डेंगू की रोकथाम से संबंधित एक याचिका की सुनावाई के दौरान केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम से स्थिति पर रिपोर्ट मांगी थी.

पिछले वर्ष देश भर में डेंगू की चपेट में आकर 157 लोगों की मौत हो गई थी.