http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 03 अक्तूबर, 2006 को 10:48 GMT तक के समाचार

गुरुवार से नैटो सेना संभालेगी कमान

नैटो ने कहा है कि उसकी सेना गुरुवार से पूरे अफ़ग़ानिस्तान का नियंत्रण अपने हाथों में लेगी. अभी अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी हिस्से का नियंत्रण अमरीकी सैनिकों के हाथ में है.

इस साल जुलाई में दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान का नियंत्रण नैटो (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) सेना को सौंपा गया था.

अभी अफ़ग़ानिस्तान में नैटो सैनिकों की संख्या 32 हज़ार है. पूरे अफ़ग़ानिस्तान का नियंत्रण नैटो को सौंपे जाने के बावजूद अमरीका के आठ हज़ार सैनिक अल क़ायदा सदस्यों को पकड़ने का अपना अभियान जारी रखेंगे.

इन अमरीकी सैनिकों का नियंत्रण अमरीकी कमान के पास ही होगा. नैटो के नियंत्रण वाले इलाक़ों का विस्तार तो हो रहा है लेकिन पिछले दिनों नैटो के सैनिक कमांडरों ने स्पष्ट किया था कि उनके पास पर्याप्त सैनिक नहीं हैं.

हिंसा

हाल ही में नैटो ने सदस्य देशों से अपील की थी कि वे ढाई हज़ार सैनिक और उपलब्ध कराएँ. कुछ दिनों पहले नैटो के महासचिव याप डी हूप स्कैफ़र ने एक बयान में कहा था कि नैटो सैनिक वहाँ अच्छा काम कर रहे हैं.

उन्होंने कहा था कि नैटो का अफ़ग़ानिस्तान में टिकना काफ़ी अहम है. इस बीच अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी प्रांत कुनार में विद्रोहियों के साथ हुए संघर्ष में तीन सैनिक मारे गए हैं.

इनमें से दो अमरीकी सैनिक और एक अफ़ग़ान सैनिक है. कुनार प्रांत के पेच ज़िले में हुए इस संघर्ष में तीन अमरीकी सैनिक घायल भी हुए हैं.

सैनिक अधिकारियों के मुताबिक़ घायल सैनिकों का इलाज असदाबाद में चल रहा है. घायल सैनिकों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.