शुक्रवार, 29 सितंबर, 2006 को 18:27 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र के एक विशेष दूत का कहना है कि श्रीलंका में सरकार और तमिल विद्रोहियों के बीच चल रहे संघर्ष के कारण सूनामी पुनर्निर्माण का काम रुक गया है.
संयुक्त राष्ट्र के दूत एरिक श्वार्ट्स का कहना है कि देश के उत्तर और पूर्व में तो पुनर्निर्माण का कार्य बिलकुल रुक ही गया है.
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2005 दिसंबर में आए सूनामी ने श्रीलंका में भी भारी तबाही मचाई थी और वहाँ पुनर्निर्माण के कार्य के लिए कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएँ काम कर रही थीं.
लेकिन पिछले दिनों से सरकार और तमिल विद्रोहियों के बीच बढ़ी हिंसा के कारण सारे कार्य रुक गए हैं.
संयुक्त राष्ट्र के दूत ने दोनों पक्षों से शांति की अपील करते हुए कहा है कि हिंसा के चलते पुनर्निर्माण कार्यों में हो रहा निवेश ख़तरे में पड़ गया है.
एरिक श्वार्ट्स ने कहा है कि इससे हज़ारों लोगों के लिए भोजन और राहत सामग्री पहुँचनी बंद हो गई है और वे ख़तरे में हैं.
इस बीच गुरुवार को संघर्ष विराम की निगरानीकर्ताओं ने कहा है कि दोनों ही पक्षों ने चार साल पहले हुए संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है.