बुधवार, 27 सितंबर, 2006 को 17:42 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की सरकार का कहना है कि तमिल विद्रोहियों के नेता वी प्रभाकरण ने शांति वार्ता की फिर से शुरु करने के लिए प्रतिबद्धता ज़ाहिर की है.
सेना के प्रवक्ता केहेलिया राम्बुकवेल्ला ने कहा है कि प्रभाकरण ने यह संदेश सरकार के एक अनुरोध के जवाब में भिजवाया है.
सरकार की ओर से तमिल विद्रोही नेता से अनुरोध किया गया था कि वे शांतिवार्ता बहाल करने के लिए सकारात्मक प्रतिबद्धता ज़ाहिर करें.
प्रभाकरण ने अपना संदेश नार्वे के मध्यस्थों के माध्यम से भिजवाया है.
सेना के प्रवक्ता राम्बुकवेल्ला ने कहा है कि इस बीच सुरक्षा की दृष्टि से देश के उत्तर और पूर्वी भागों में सेना की कार्रवाई ज़ारी रहेगी.
उल्लेखनीय है कि सरकार और तमिल विद्रोहियों के बीच चार साल पहले शांति समझौता हुआ था.
बीबीसी के संवाददाता का कहना है कि पिछले महीनों में इस शांति समझौते का इस तरह से उल्लंघन हुआ है कि अब यह समझौता सिर्फ़ कागज़ों में रह गया है.
इस महीने की शुरुआत में एक बार फिर दोनों पक्ष बिना शर्त शांति वार्ता के लिए सहमत हुए थे और अब वे अक्तूबर के पहले सप्ताह में नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में चर्चा करेंगे.