मंगलवार, 26 सितंबर, 2006 को 06:19 GMT तक के समाचार
दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में एक सरकारी कार्यालय के बाहर हुए आत्मघाती बम विस्फ़ोट में कम से कम 18 लोग मारे गए हैं.
पुलिस अधिकारी मोहम्मद अयूब ने समाचार एजेंसी रायटर को बताया कि यह घटना हेलमंद प्रांत के लश्कर गाह शहर में हुई.
अफ़ग़ानिस्तान सरकार के प्रवक्ता ने बताया है कि एक अन्य घटना में राजधानी काबुल के निकट उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन यानी नैटो के काफ़िले पर बम हमला हुआ है.
उन्होंने कहा, इसमें 'कुछ सैनिक और आम नागरिक' घायल हुए हैं.
यह अभी तक साफ नहीं हो सका है कि नैटो का काफ़िला सड़क किनारे रखे बम का शिकार हुआ है या उस पर आत्मघाती हमला किया गया.
दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान का कमान संभालने के बाद से तालेबान लड़ाकों के साथ झड़पों में कई नैटो सैनिक मारे गए हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई अभी अमरीका दौरे पर हैं जहाँ मंगलवार को वह अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश से मिलने वाले हैं.
इस बैठक के दौरान अफ़ग़ानिस्तान की आंतरिक स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है.