सोमवार, 25 सितंबर, 2006 को 08:17 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने कंधार में एक उच्च महिला अधिकारी साफ़िया अमजान की हत्या कर दी है.
साफ़िया अमजान कंधार प्रांत में महिला मामलों से जुड़े मंत्रालय की प्रमुख थीं.
वे टैक्सी से अपने घर से दफ़्तर जा रही थीं जब मोटरसाइकल पर सवार कुछ लोगों ने उनपर गोलियाँ चलाईं.
किसी ने उनकी हत्या की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
साफ़िया अमजान तालेबान की ओलचक रही हैं, ख़ासकर महिलाओं के प्रति उसके नज़रिए को लेकर.
संवाददाताओं का कहना है कि हो सकता है कि तालेबान लड़ाकों ने उन्हें अपना निशाना बनाया हो.
पिछले कुछ महीनों में कंधार और आस-पास के इलाक़ों में तालेबान काफ़ी सक्रिय हो गया है.
इसी महीने अफ़ग़ानिस्तान के पक्तिया प्रांत के गवर्नर अब्दुल हक़ीम तानीवाल की हत्या कर दी गई थी.
अफ़ग़ानिस्तान में दोबारा शुरू हुई हिंसा में मारे जाने वाले लोगों में तानीवाल सबसे उच्च पदस्थ व्यक्ति थे.