रविवार, 24 सितंबर, 2006 को 20:33 GMT तक के समाचार
मंगलवार को बंगाल की खाड़ी में आए तूफ़ान के बाद बांग्लादेश की सरकार का कहना है कि अब भी लगभग दो हज़ार लोग लापता हैं.
इस तूफ़ान के दौरान अनेक नौकाएँ उलट गईं और प्रशासन की ओर से बड़ा बचाव अभियान चलाया गया.
लेकिन इसके बावजूद मछली पकड़ने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पाँच सौ नौकाओं के बारे में कोई जानकारी नहीं हैं.
बांग्लादेश की नौसेना अब भी समुद्र के तट के पास गश्त लगाने वाले दल के कमांडर को ढ़ूँढ रही है. उनकी नौका भी इस तूफ़ान के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी और उनका अब तक कुछ पता नहीं चला है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हो सकता है कि कई मछुआरों को दूरदराज़ के टापुओं में शरण मिली हो लेकिन उन मछुआरों के पास ऐसे रेडियो यंत्र नहीं हैं जिनसे वे संपर्क कायम कर सकें.
बांग्लादेश के कोस्ट गार्ड का कहना है कि अब मौसम बेहतर हो गया है और वे दूरदराज़ के इलाक़ों में पहुँच सकते हैं.
इसी तूफ़ान के कारण भारतीय राज्य पश्चिम बंगाल में कम से कम 63 लोग मारे गए और अनेक लापता हो गए.