http://www.bbcchindi.com

हमले में 19 अफ़ग़ान मज़दूर मारे गए

अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिण में स्थित कंधार प्रांत में चरमपंथियों ने 19 अफ़ग़ान मज़दूरों को मार दिया है. प्रसासन के अनुसार कई मज़दूर तब मारे गए जब उन्हें ले जा रही बस एक बम का निशाना बनी और फिर विद्रोहियों ने गोलियाँ चलाईं.

तीन और मज़दूर एक अन्य हमले में घायल हो गए हैं.

उधर पुलिस का कहना है कि मध्य अफ़ग़ानिस्तान के उरुज़गान प्रांत में बीस संदिग्ध तालेबान लड़ाके और एक पुलिसकर्मी मारे गए हैं.

तालेबान के एक प्रवक्ता का कहना था कि इस घटना में 14 पुलिसकर्मी मारे गए हैं लेकिन पुलिस ने इसका खंडन किया है.

इन हिंसक घटनाओं की ख़बर उस समय आई है जब अफ़ग़ान राष्ट्रपति हामिद करज़ई कनाडा में आर्थिक और सैन्य मदद की गुहार लगाने पहुँचे हैं.

उन्होंने कनाडा से अपील की कि कनाडा के सुरक्षा बलों को काफ़ी नुकसान पहुँचने के बावजूद कनाडा को अफ़ग़ानिस्तान के लिए अपनी प्रतिबद्धता कम नहीं करनी चाहिए.

शुक्रवार को एक आत्मघाती हमलावर ने पाँजवाई में गश्त लगा रहे कनाडा के कम से कम चार सैनिक को घात लगाकर किए हमले में मार दिया था.

अफ़ग़ानिस्तान में हाल में बढ़ी हिंसक घटनाओं में सैंकड़ों लोग मारे गए हैं.