मंगलवार, 19 सितंबर, 2006 को 11:58 GMT तक के समाचार
राजीव खन्ना
बीबीसी के गुजरात संवाददाता
गुजरात पुलिस ने चार चरमपंथियों को गिरफ़्तार किए जाने का दावा किया है जिनके बारे में कहा जा रहा है कि ये लश्करे तैयबा के सदस्य हैं.
पुलिस का कहना है कि ख़ालिद अंसारी और इलियास मेमन नाम के दो चरमपंथियों को अहमदाबाद शहर के कालूपुर इलाक़े से गिरफ़्तार किया गया है और उनके पास से कुछ 'संदिग्ध' दस्तावेज़ भी बरामद हुए हैं.
माना जा रहा है कि ये दोनों चरमपंथी अपने संगठन की ओर से किसी आदेश का इंतज़ार कर रहे थे जिसके बाद ये ग़ैरक़ानूनी गतिविधियों को अंजाम दे सकते थे.
राज्य पुलिस का दावा है कि उन्होंने राज्य में दो अलग-अलग जगहों से दो अन्य चरमपंथियों को भी गिरफ़्तार किया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ़्तार किए गए लोगों के पास से एक सीडी बरामद की गई है जिसमें भड़काऊ सामग्री है. इसके अलावा इनके पास से एक कंप्यूटर भी मिला है.
गुजरात राज्य पहले भी चरमपंथी हमलों का निशाना बन चुका है और यहाँ के प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर पर हमला हो चुका है.