http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 18 सितंबर, 2006 को 07:50 GMT तक के समाचार

श्रीलंका में ग्यारह मुसलमानों की हत्या

श्रीलंका के पूर्व में स्थित अम्पारा ज़िले में ग्यारह मुसलमानों के क्षत-विक्षत शव मिले हैं.

श्रीलंका की सेना का कहना है कि ये लोग मज़दूर थे और इन्हें गोली मारी गई थी.

सेना ने इस घटना के लिए तमिल विद्रोही संगठन एलटीटीई को ज़िम्मेदार ठहराया है.

एलटीटीई पहले भी कई बार मुसलमानों की हत्या कर चुका है.

मुसलमान बीच में फँसे

ये लोग एक जल परियोजना में काम कर रहे थे.

जब रविवार को ये लोग अपने घरों को नहीं लौटे तो सोमवार सुबह एक जाँच दल इन्हें खोजने निकला.

जाँच दल को 11 शव मिले और एक अन्य व्यक्ति घायल अवस्था में मिला है.

सेना का कहना था कि पहले इन लोगों पर चाकू के वार किए गए और फिर उन्हें गोली मारी गई.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि मुसलमान समुदाय सरकार और एलटीटीई के बीच हो रही भीषण हिंसा में फँस गया है.

जुलाई और अगस्त में पूर्वोत्तर के शहर मुटूर से हज़ारों लोगों का पलायन हुआ था जब दोनो ओर से होने वाली भीषण हिंसा के कारण लोगों को पलायन करना पड़ा था.