शनिवार, 16 सितंबर, 2006 को 18:28 GMT तक के समाचार
असित जॉली
चंडीगढ़
एक ओर भारत और पाकिस्तान का शीर्ष नेतृत्व शांतिप्रक्रिया को आगे बढ़ाने की चर्चा कर रहा है और दूसरी ओर पंजाब में बीएसएफ़ सीमा पर घुसपैठ की घटनाओं पर चिंता जता रहा है.
पंजाब के अमृतसर में दोनों देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हाल ही में हुई घुसपैठ की कई घटनाओं पर बीएसएफ़ ने चिंता जताई है.
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़) के अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार की सुबह दो युवकों की गोली मारनी पड़ी.
अधिकारियों का कहना है कि रुकने और समर्पण के आदेश न मानने के बाद गोली चलानी पड़ी.
उनका कहना है कि कोई 25 वर्ष की उम्र के ये दोनों युवक पाकिस्तानी नागरिक हैं और सीमापार करने की कोशिश कर रहे थे.
सोमवार को भी बीएसएफ़ ने दो युवकों को गाली मार दी थी. वे दोनों बांग्लादेश के नागरिक थे.
इससे पहले रविवार की रात को गश्ती दल ने हथियारबंद लोगों के एक दल को रोकने की कोशिश की थी लेकिन वे अंधेरे का फ़ायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
सुरक्षा अधिकारियों ने पंजाब में इस अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हाल के दिनों में घुसपैठ की घटनाओं में हुई बढ़ोत्तरी को लेकर चिंता जताई है.
उनका कहना है कि इससे पहले कुछ बरसों में इस इलाक़े में इस तरह की घटनाएँ नहीं हो रही थीं.