बुधवार, 13 सितंबर, 2006 को 03:01 GMT तक के समाचार
सलमान रावी
राँची से
संभावना है कि झारखंड में अर्जुन मुंडा सरकार से इस्तीफ़ा देने वाले तीन बाग़ी विधायकों के बारे में विधानसभा अध्यक्ष बुधवार को कोई फ़ैसला करेंगे.
विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी एक खुली अदालत लगाकर तीन बाग़ी विधायकों एनोस एक्का, कमलेश सिंह और स्टीफन मरांडी की सदस्यता के बारे में फ़ैसला करेंगे.
इन तीन विधायकों के इस्तीफ़े के बाद से झारखंड में सत्तारूढ़ एनडीए सरकार अल्पमत में आ गई है और राज्यपाल ने मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को 14 सितंबर तक बहुमत साबित करने को कहा है.
इन तीन विधायकों की सदस्यता पर सत्तारुढ़ एनडीए और मुख्य विपक्षी गठबंधन यूपीए का राजनीतिक भविष्य निर्भर दिखता है.
उधर तीनों बाग़ी विधायकों की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई अपील पर 14 सितंबर को सुनवाई होनी है.
राज्य की विधानसभा के अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी ने विभिन्न मामलों में तीनों बाग़ी विधायकों को नोटिस जारी कर पूछा था कि उनकी सदस्यता क्यों ख़त्म न की जाए.
इसके बाद तीनों विधायकों ने सुप्रीम कोर्ट में इस नोटिस को चुनौती दी थी.
इन तीनों विधायकों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील करके कहा है कि जब तक विधानसभा में शक्ति परीक्षण नहीं हो जाता तब तक विधानसभा अध्यक्ष कोई फैसला न करें.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अब इस मामले में सुनवाई 14 सितंबर को होगी.