http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 13 सितंबर, 2006 को 01:31 GMT तक के समाचार

'इंडियन' में बम होने की अफ़वाह

एक भारतीय विमान में किसी विस्फोटकों के साथ चरमपंथी होने की अफ़वाह के बाद उसे दुबई में सैन्य क्षेत्र में ले जाकर जाँच की गई है. विमान में कुछ भी नहीं मिला है.

जाँच के बाद पाया गया कि विमान में कुछ नहीं था.

दुबई से पत्रकार अतुल अनेजा ने ख़बर दी है कि जाँच के बाद सभी यात्रियों को जाने दिया गया और विमान को उसके कार्यक्रम के अनुसार मुंबई रवाना कर दिया गया है.

विमान भारतीय कंपनी इंडियन (जो पहले इंडियन एयरलाइन्स) ने मुंबई से उड़ान भरी थी.

अधिकारियों का कहना है कि इंडियन के कॉल सेंटर में एक फ़ोन आया था जिसमें कहा गया था कि दुबई जा रहे विमान में कोई संदिग्ध चरमपंथी है जिसके पास विस्फोटक हो सकते हैं.

विमान के दुबई पहुँचने के बाद उसे सैन्य क्षेत्र में ले जाया गया और फिर यात्रियों सहित पूरे विमान की तलाशी ली गई.

विमान में कुछ न मिलने के बाद कहा गया है कि फ़ोन पर मिली सूचना सिर्फ़ अफ़वाह थी.

इसके बाद विमान को उसके निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वापस मुंबई की उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई है.