http://www.bbcchindi.com

रविवार, 10 सितंबर, 2006 को 06:02 GMT तक के समाचार

श्रीलंका में लड़ाई तेज़, 28 जवान मारे गए

श्रीलंकाई सेना का कहना है कि उत्तरी जाफ़ना में तमिल विद्रोहियों के साथ छिड़ी ताज़ा लड़ाई में उसके कम से कम 28 जवान मारे गए हैं और सौ से अधिक घायल हुए हैं.

श्रीलंकाई सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर प्रसाद समरासिंघे ने कहा कि अनुमान के मुताबिक इस लड़ाई में 130 से अधिक तमिल विद्रोही भी मारे गए हैं. उन्होंने कहा कि हताहतों की सही संख्या की पुष्टि नहीं हुई है.

सेना उत्तरी जाफ़ना के मुहामलाई इलाक़े पर नियंत्रण करने की कोशिश कर रही है जिस पर तमिल विद्रोहियों यानी एलटीटीई का क़ब्ज़ा रहा है.

एक अन्य सैन्य अधिकारी ने बताया कि सेना एलटीटीई के क़ब्ज़े वले इलाक़े में 600 मीटर अंदर तक घुस चुकी है.

ताज़ा संघर्ष गुरुवार को शुरु हुआ था. हालाँकि अभी तक तमिल विद्रोहियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

सेना और एलटीटीई के बीच वर्ष 2002 से लागू युद्धविराम के बावजूद पिछले कुछ महीनों से दोनों पक्षों के बीच कई मोर्चों पर संघर्ष हुए हैं.

इससे पहले सेना और विद्रोहियों के बीच सामपुर में भीषण लड़ाई हुई थी. सेना का दावा है कि सामरिक रुप से महत्वपूर्ण इस इलाक़े के 75 फ़ीसदी हिस्से पर कब्जा कर लिया है.

संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि ताज़ा संघर्ष के कारण पूर्वोत्तर श्रीलंका में लाखों लोग विस्थापित हुए हैं.

पिछले दिनों युद्धविराम की निगरानी करने वाले पर्यवेक्षकों ने एक चैरिटी संस्था के कार्यकर्ताओं की हत्या के लिए सेना को ज़िम्मेदार ठहराया था और युद्धविराम समझौता टूटने की चेतावनी दी थी.