http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 09 सितंबर, 2006 को 16:02 GMT तक के समाचार

40 'तालेबान' मारने का दावा

अफ़ग़ानिस्तान में नैटो के नेतृत्व वाली सेना ने दक्षिणी हिस्से में जारी सैन्य कार्रवाई में 40 और तालेबान लड़ाकों को मारने का दावा किया है.

उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नैटो) की ओर से बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह से उनकी ओर से चलाए जा रहे सैन्य अभियान में अब तक 300 तालेबान लड़ाके मारे जा चुके हैं.

यह ताज़ा संघर्ष कंधार प्रांत में हुआ है. घटना ऐसे वक़्त सामने आई है जब नैटो के सदस्य देश अफ़ग़ानिस्तान की ताज़ा स्थितियों को देखते हुए सैन्य कार्रवाई को गति देने के मुद्दे पर पोलैंड में विचार-विमर्श कर रहे हैं.

माना जा रहा है कि सेना के आला अधिकारियों की ओर से 2000 अतिरिक्त सैनिकों की माँग की जा सकती है.

इससे पहले नैटो के एक कमांडर जनरल ने सदस्य देशों से अनुरोध किया था कि वे दक्षिण अफ़ग़ानिस्तान के सैन्य अभियान के लिए और सैनिक उपलब्ध कराएँ.

चिंता

बीबीसी के सामरिक मामलों के संवाददाता पॉल वुड का कहना है कि सैनिकों की यह माँग हाल के दिनों में प्रस्तावित संख्या से कहीं ज़्यादा है और इससे साफ़ अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि वहाँ पर संघर्ष कितना कठिन होता जा रहा है.

ग़ौरतलब है कि इन संघर्षों में पिछले कुछ हफ़्तों में कई नैटो सैनिक मारे गए हैं जिनमें अधिकतर कनाडा या ब्रिटेन के थे.

अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी क्षेत्र को तालेबान का गढ़ माना जाता है. हाल के दिनों में भी वहाँ हिंसा की घटनाएँ बढ़ी हैं और सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं.

इस संघर्ष से ठीक पहले शुक्रवार को अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में अमरीकी सेना के एक वाहन पर आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें कम से कम 16 लोग मारे गए थे.

मारे गए सैनिकों में दो अमरीकी सैनिक भी थे. इस हमले में क़रीब 30 लोग घायल हो गए थे.