शुक्रवार, 08 सितंबर, 2006 को 00:53 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में एक वरिष्ठ ब्रितानी कमांडर ने कहा है कि वहाँ ब्रितानी फ़ौजें बहुत ही भीषण युद्ध लड़ रही हैं और उन पर एक ही दिन में 12 हमले हो रहे हैं.
ब्रितानी टीवी चैनल आईटीवी न्यूज़ के साथ एक इंटरव्यू में ब्रिगेडियर एड बटलर ने कहा कि हर रोज़ की लड़ाई को देखा जाए तो अफ़ग़ानिस्तान में इराक़ से भी भीषण लड़ाई हो रही है.
उनका कहना था कि कई बार तो सैनिकों को विद्रोहियों के साथ आमने-सामने लड़ाई करनी पड़ती है.
अफ़ग़ानिस्तान में तैनात नैटो सैनिकों में से लगभग आधे यानि लगभग दस हज़ार सैनिक अफ़ग़ानिस्तान की सरकार को समर्थन देने के लिए वहाँ तैनात है.
अधिकतर ब्रितानी सैनिकों को देश के दक्षिणी हिस्से में तैनात किया गया है जहाँ वे तालेबान विद्रोहियों के विद्रोह का सामना कर रहे हैं.
पिछले हफ़्ते अफ़ग़ानिस्तान में 14 ब्रितानी सैनिक मारे गए थे.
नैटो के तालेबान के ख़िलाफ़ अभियान में कभी इतने सैनिक और हेलिकॉप्टर इस्तेमाल नहीं किए गए जितने अब किए जा रहे हैं.