शुक्रवार, 08 सितंबर, 2006 को 08:24 GMT तक के समाचार
भारत के केंद्रीय जाँच ब्यूरो ने प्रियदर्शिनी मट्टू की हत्या के मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय से अपील करके मुख्य अभियुक्त को मृत्युदंड दिए जाने की माँग की है.
ऐसे आरोप हैं कि दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा प्रियदर्शिनी मट्टू की वर्ष 1996 में बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी. उस समय प्रियदर्शिनी की उम्र 23 वर्ष थी.
हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त संतोष कुमार सिंह को 1999 में सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया था.
संतोष कुमार सिंह एक वकील हैं और भारतीय पुलिस सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी के पुत्र हैं.
छह साल बाद मामले में अपील की सुनवाई अब दिल्ली उच्च न्यायालय में सप्ताह में तीन दिन हो रही है.
केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरूवार को अपना पक्ष न्यायालय के सामने रख दिया है.
सीबीआई के वकीलों ने न्यायालय को बताया कि मृत्युदंड की माँग के समर्थन में वे अपने तर्क न्यायालय से सामने रखेंगे.
अगले हफ़्ते से बचाव पक्ष न्यायालय के सामने अपनी बात रखेगा.